विकास विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जहानाबाद में पुनर्बलन कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन
जहानाबाद/फतेहपुर।
विकास विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जहानाबाद, फतेहपुर में बुधवार को कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए पुनर्बलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे विधिवत यज्ञ-हवन के साथ हुई, जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ विद्यार्थियों ने सहभागिता कर परीक्षा में सफलता की कामना की।
इसके पश्चात विद्यालय के सभी गुरुजनों ने बारी-बारी से विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने बच्चों को आत्मविश्वास, अनुशासन और नियमित अध्ययन का महत्व बताते हुए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संचालक विवेक उत्तम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन और अच्छे संस्कार ही एक विद्यार्थी को जीवन में आगे तक ले जाते हैं। उन्होंने परीक्षा को आत्ममंथन का अवसर बताते हुए बच्चों को बिना तनाव के सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रपाल उत्तम ने सभी विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता का आशीर्वाद देते हुए कहा कि मेहनत और गुरुजनों के मार्गदर्शन से सफलता निश्चित है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया और जलपान के पश्चात भावुक मन से विद्यालय से विदाई ली। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत करना तथा परीक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा, जिसमें विद्यालय प्रशासन पूर्ण रूप से सफल रहा।





